भिलाई नगर, 04 अक्टूबर।
भिलाई की 22 वर्षीय खुशबू की आंखों में अब सपनों की रौशनी लौटने वाली है। लंबे समय से दृष्टिबाधित खुशबू के लिए अब उम्मीद की किरण बनकर आए हैं वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन, जिन्होंने आगे बढ़कर उसकी मदद की है। विधायक की पहल पर अब यूएसए से विशेष लैंस मंगाया जाएगा, जिससे खुशबू न केवल दुनिया को नए नजरिए से देख पाएगी, बल्कि अपनी पढ़ाई भी जारी रख सकेगी।
शनिवार को विधायक रिकेश सेन ने सेक्टर-6 निवासी रविंद्र प्रसाद की बेटी खुशबू के लिए 60 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि सौंपी। इस राशि से वह वह लैंस खरीदा जाएगा जो उसकी आंखों की रोशनी वापस लाने में मदद करेगा।
खुशबू के पिता रविंद्र प्रसाद ठेका श्रमिक हैं। उन्होंने बताया कि बचपन से ही खुशबू की आंखों की रोशनी कमजोर थी, जिसके इलाज के लिए उन्होंने सरकारी और निजी अस्पतालों के कई चक्कर लगाए, मगर स्थिति में सुधार नहीं हो पाया। किताबों को बहुत पास लाने पर ही खुशबू अक्षर पहचान पाती थी, बावजूद इसके उसने पढ़ाई नहीं छोड़ी और आज वह साईं कॉलेज, सेक्टर-6 में बीकॉम अंतिम वर्ष की छात्रा है।
विधायक सेन ने खुद डॉ. प्रतीक जैन से भी बात की, जो खुशबू की आंखों का उपचार कर रहे हैं। डॉक्टर के अनुसार, लैंस लगने के बाद खुशबू की दृष्टि काफी हद तक सामान्य हो जाएगी और वह पहले की तरह किताबें पढ़ सकेगी।
खुशबू ने विधायक के इस सहयोग को अपने जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि बताया। उसने मुस्कुराते हुए कहा —
“लैंस लगने के बाद मैं सबसे पहले विधायक जी को धन्यवाद देने जाऊंगी। मुझे कुतुब मीनार और ताजमहल को अपनी आंखों से देखने की बहुत इच्छा है।”
पढ़ाई को लेकर बेहद गंभीर खुशबू अब एमकॉम की पढ़ाई और बैंकिंग सेक्टर में करियर बनाने का सपना देख रही है। वह प्रतियोगी परीक्षाओं की भी तैयारी करना चाहती है।
खुशबू के पिता रविंद्र प्रसाद ने भावुक होकर कहा —
“हमने उम्मीद की थी कि शायद कोई मदद मिल जाएगी, लेकिन इतनी जल्दी विधायक जी का साथ मिलेगा, सोचा नहीं था। अब लगता है कि हमारी खुशबू वाकई दुनिया देख पाएगी।”
विधायक रिकेश सेन की यह मानवीय पहल न केवल एक बेटी की आंखों में रोशनी लाने वाली है, बल्कि समाज को यह संदेश भी देती है कि संवेदनशील नेतृत्व के साथ हर सपने को पंख मिल सकते हैं। 🌸
