सीजी भास्कर, 01 दिसंबर। भिलाई के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी और कांग्रेस के पूर्व युवा नेता गुरमीत सिंह उर्फ हनी (42 वर्ष) का आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। गुरमीत सिंह घर में अकेले रहते थे। उनकी पुत्री अन्य जिले में एक हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही है।
आज दोपहर करीब 2 बजे जब उनकी होम मेड घर पहुंची, तो उन्होंने कई बार दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई जवाब न मिलने पर पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया। अंदर गुरमीत सिंह बेहोश अवस्था में पड़े मिले। स्थानीय चिकित्सक को बुलाया गया, जिन्होंने जांच के बाद बताया कि उनकी मृत्यु 6-7 घंटे पूर्व हो चुकी थी।
हार्ट अटैक की आशंका
डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के आधार पर गुरमीत सिंह की मृत्यु का कारण हार्ट अटैक बताया है। घटना की सूचना मिलते ही उनकी बहन के परिवार के सदस्य बिलासपुर से भिलाई के लिए रवाना हो गए हैं।
कांग्रेस और भाजपा दोनों में निभाई अहम भूमिका
गुरमीत सिंह ने लंबे समय तक कांग्रेस में सक्रिय भूमिका निभाई। वह अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ में प्रदेश सचिव भी रहे। हाल ही में उन्होंने भाजपा का दामन थामा था और क्षेत्र में अपनी सक्रियता के लिए जाने जाते थे। उनकी युवाओं में लोकप्रियता और जनप्रतिनिधि के रूप में पहचान उन्हें एक अलग पहचान दिलाती थी।
क्षेत्र में शोक की लहर
गुरमीत सिंह के आकस्मिक निधन की खबर सुनकर क्षेत्र के लोग स्तब्ध हैं। उनके निधन को न केवल राजनीतिक गलियारे में बल्कि सामाजिक स्तर पर भी एक बड़ी क्षति माना जा रहा है।
गुरमीत सिंह का असमय निधन एक दर्दनाक घटना है, जो उनकी परिवार और समर्थकों के लिए कभी न भरने वाला खालीपन छोड़ गया है।
