कबीरधाम : 60 युवाओं का ” हिंदू राष्ट्र संकल्प ” प्रशिक्षण 🔶कबीरधाम से द्वारिका तक संकल्प यात्रा

कबीरधाम : 60 युवाओं का ” हिंदू राष्ट्र संकल्प ” प्रशिक्षण 🔶कबीरधाम से द्वारिका तक संकल्प यात्रा

कवर्धा। युवा मित्र मंडल, जिला कबीरधाम के तत्वावधान में भारत को “संवैधानिक हिंदू राष्ट्र” बनाने के संकल्प को लेकर सात दिवसीय तीर्थ यात्रा एवं प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन किया गया। संगठन के अनुसार, पूरीपीठाधीश्वर जगतगुरु स्वामी निश्चलानंद सरस्वती जी महाराज के मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद से आयोजित इस यात्रा में कबीरधाम, बेमेतरा और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के करीब 60 कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।

संगठन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, 7 सितंबर से 12 सितंबर 2026 तक आयोजित यात्रा के दौरान प्रतिभागियों ने धार्मिक स्थलों के दर्शन के साथ विभिन्न प्रशिक्षण सत्रों में हिस्सा लिया। यात्रा में द्वारिकाधीश मंदिर, नागेश्वर ज्योतिर्लिंग, सोमनाथ, बेट द्वारका और सुदामा पुरी के दर्शन कराए गए।

धर्मशास्त्र और योग-ध्यान का अभ्यास

युवा कार्यकर्ताओं को तीर्थ यात्रा के दौरान धर्मशास्त्र को समझने और धार्मिक परंपराओं से परिचित कराने के साथ प्रशिक्षण भी दिया गया। प्रशिक्षण सत्रों में योगाभ्यास एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया, जिसे संगठन ने आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक श्री श्री रविशंकर जी द्वारा निर्देशित अभ्यास बताया।

रात्रिकालीन बौद्धिक सत्रों में भारत को “संवैधानिक हिंदू राष्ट्र” बनाने की अवधारणा को लेकर विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। इनमें इसकी आवश्यकता क्यों है, इससे राष्ट्र को क्या लाभ होगा, इसका निर्माण कौन करेगा, संकल्प कब तक पूरा हो सकता है और इसे पूरा करने का मार्ग क्या होगा जैसे प्रश्नों पर विचार-विमर्श किया गया।

प्रत्येक प्रतिभागी ने किया सवा लाख भगवान नाम जाप

यात्रा की विशेष गतिविधि के रूप में संगठन ने बताया कि प्रशिक्षण में शामिल प्रत्येक प्रतिभागी ने संकल्प की सिद्धि के उद्देश्य से सवा लाख भगवान नाम जाप किया।

संगठन के मुताबिक, यात्रा का उद्देश्य युवाओं को धार्मिक एवं आध्यात्मिक गतिविधियों से जोड़ने के साथ उन्हें अपने विचार और संकल्प के प्रति प्रशिक्षित करना था।

पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की रही मौजूदगी

यात्रा एवं प्रशिक्षण वर्ग में प्रांत संगठन मंत्री कैलाश शर्मा, प्रांत अध्यक्ष सुधीर सेंगर, उपाध्यक्ष राहुल चौरसिया, नभो मार्ग प्रमुख बृजेश तिवारी, हनुमंत दल प्रांत संयोजक दुर्गेश देवांगन, हनुमंत दल जिला कार्यकारी अध्यक्ष सागर साहू, जिला महामंत्री रुपेश (के.सी. जिला), हनुमंत दल जिला संयोजक मनोज साहू सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

विशेष अतिथि के रूप में विश्वजीत उर्फ मोनू ठाकुर, विकास मिश्रा और सुभाष तम्बोली शामिल हुए।

प्रशिक्षणार्थियों में दीपक यादव, डेविड शर्मा, जागेलाल वर्मा, लीलाधर साहू, हेम कुमार पटेल, धनीराम साहू, राजा पाली, चंद्रू चेलक और शनेश्वर निषाद सहित करीब 60 युवा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

युवा मित्र मंडल के अनुसार, द्वारिका की यह यात्रा केवल तीर्थ दर्शन तक सीमित नहीं रही, बल्कि युवाओं को धार्मिक अध्ययन, योग-ध्यान और संगठन के वैचारिक संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से प्रशिक्षण यात्रा के रूप में आयोजित की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *