
The CG ख़बर। भिलाई नगर, 7 जनवरी: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में हुए दर्दनाक आईईडी ब्लास्ट में शहीद हुए जवानों को सोमवार रात भिलाई के सुपेला घड़ी चौक पर भारतीय जनता पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रद्धांजलि सभा में वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन और जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन ने केंडल जलाकर वीर जवानों की शहादत को नमन किया और नक्सलियों के इस कायराना हमले की कड़ी निंदा की।
जवानों की शहादत को किया नमन
विधायक रिकेश सेन, जो सामाजिक बैठक से लौटकर रात 10:30 बजे कार्यक्रम में पहुंचे, ने कहा:
“ज्वाइंट ऑपरेशन के बाद लौट रहे हमारे वीर जवानों पर नक्सलियों ने कायरतापूर्ण हमला किया। इस विस्फोट में 8 जवान और एक सिविलियन ड्राइवर शहीद हुए। उनकी शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी। छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद का खात्मा करके शांति बहाल करना हमारी प्राथमिकता है।”
बीजापुर में हुए इस ब्लास्ट में शहीद जवानों के नाम निम्नलिखित हैं:
- बुधराम कोरसा (डीआरजी)
- सोमड़ू वेट्टी (बस्तर फाइटर्स)
- सुदर्शन वेट्टी (बस्तर फाइटर्स)
- सुबरनाथ यादव (बस्तर फाइटर्स)
- हरीश कोर्राम (बस्तर फाइटर्स)
- डूम्मा मरकाम (डीआरजी)
- पण्डरू राम पोयाय (डीआरजी)
- बामन सोढ़ी (डीआरजी)
- तुलेश्वर राना (सिविलियन वाहन चालक)
भाजपा नेताओं ने की नक्सलवाद के खात्मे की मांग
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन ने कहा:
“जवानों की कुर्बानी व्यर्थ नहीं जाएगी। छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद को खत्म करने के लिए केंद्र और राज्य सरकार को मिलकर ठोस कदम उठाने होंगे।”
भाजपा नेता योगेंद्र सिंह ने भी इस घटना की निंदा करते हुए नक्सलवाद के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने जताया आक्रोश
श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और नक्सलियों के खिलाफ अपनी एकजुटता दिखाई। कार्यक्रम में शामिल नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शहीद जवानों के सम्मान में मोमबत्तियां जलाकर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष शशि भगत, दीपक भोंडेकर, तरुण सिंह, शंकर लाल देवांगन, खिलावन साहू, अरविंद जैन, और त्रिलोचन सिंह समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
श्रद्धांजलि सभा ने न केवल शहीदों की कुर्बानी को याद किया, बल्कि नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई का संदेश भी दिया।
