BSP लोहा चोरी मामला ….अब उठी CBI जांच की मांग 🔶  प्रतिपक्ष नेता भोजराज सिन्हा का बड़ा कदम

BSP लोहा चोरी मामला ….अब उठी CBI जांच की मांग 🔶 प्रतिपक्ष नेता भोजराज सिन्हा का बड़ा कदम

The CG  ख़बर | भिलाई | भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) में करोड़ों रुपये मूल्य की लौह सामग्री चोरी का मामला सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में इसे लेकर चर्चाओं का दौर तेज रहा। यह मामला केवल चोरी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि राष्ट्रीय संपत्ति की सुरक्षा, औद्योगिक प्रतिष्ठानों की विश्वसनीयता और भिलाई की प्रतिष्ठा से जुड़ा विषय बनकर उभरा।

इसी बीच राजनीतिक स्तर पर भी लंबे समय तक अपेक्षाकृत सीमित प्रतिक्रियाएँ देखने को मिलीं, तब ऐसे समय में भिलाई नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा ने इस मुद्दे पर खुलकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने न केवल पूरे मामले की CBI जांच की मांग उठाई, बल्कि इसके लिए सक्षम विभागों को औपचारिक प्रतिवेदन भेजकर उच्चस्तरीय एवं स्वतंत्र जांच कराने की अनुशंसा किए जाने की मांग भी रखी है।

भोजराज सिन्हा ने इस पूरे मामले को “राष्ट्रीय संपत्ति पर संगठित हमला” बताते हुए कहा कि प्रकरण जितना दिखाई दे रहा है, उसकी परतें उससे कहीं अधिक गंभीर हो सकती हैं और इसकी निष्पक्ष एवं व्यापक जांच आवश्यक है।

“यह केवल चोरी नहीं, देश के संसाधनों पर हमला” — भोजराज सिन्हा

जारी प्रेस विज्ञप्ति में भोजराज सिन्हा ने कहा कि भिलाई इस्पात संयंत्र केवल एक औद्योगिक इकाई नहीं, बल्कि देश के औद्योगिक विकास, लाखों लोगों की भावनाओं और राष्ट्र निर्माण के गौरव का प्रतीक है।

उन्होंने कहा—

“करोड़ों रुपये मूल्य की लौह सामग्री की चोरी को केवल एक आपराधिक घटना मानना पर्याप्त नहीं होगा। यह राष्ट्रीय संपत्ति, औद्योगिक सुरक्षा और जनविश्वास पर गंभीर प्रश्न खड़ा करने वाला मामला है।”


उन्होंने आशंका जताई कि इतनी बड़ी मात्रा में सामग्री की कथित चोरी बिना किसी संगठित नेटवर्क, संरक्षण अथवा लंबे समय तक संचालित तंत्र के संभव नहीं दिखती।

अब चर्चा के केंद्र में ये बड़े सवाल

◾क्या यह केवल चोरी का मामला था या संगठित नेटवर्क सक्रिय था?
◾इतने बड़े स्तर पर सामग्री बाहर कैसे पहुंची?
◾ सुरक्षा और निगरानी तंत्र में कहीं गंभीर चूक हुई?
◾क्या किसी स्तर पर संरक्षण या मिलीभगत की संभावना है?
◾आर्थिक लाभ किन लोगों तक पहुंचा?

पुलिस कार्रवाई सराहनीय, लेकिन जांच का दायरा बढ़ाने की मांग

भोजराज सिन्हा ने दुर्ग पुलिस द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी को सकारात्मक कदम बताते हुए कहा कि जनता के मन में यह स्वाभाविक प्रश्न है कि यदि इतनी बड़ी मात्रा में सामग्री की चोरी हुई तो इसके पीछे केवल कुछ लोग ही जिम्मेदार नहीं हो सकते।

उन्होंने कहा—

“जांच का उद्देश्य केवल गिरफ्तारी नहीं, बल्कि पूरे नेटवर्क, संरक्षणकर्ताओं और लाभार्थियों की पहचान होना चाहिए।”


लगभग एक सप्ताह पहले सांसद विजय बघेल ने भी रखी थी इसी प्रकार की बात

राजनीतिक स्तर पर यह विषय पहले भी उठ चुका है। लगभग एक सप्ताह पूर्व दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय बघेल ने कहा था कि—

“पुलिस की जांच सही दिशा में आगे बढ़ रही है, लेकिन यदि आवश्यकता हुई तो केंद्र सरकार से CBI जांच की मांग भी की जाएगी।”


उन्होंने यह भी कहा था—

“यह केवल स्टील प्लांट का विषय नहीं, बल्कि पूरे देश और भिलाई के सम्मान का विषय है। इसलिए निष्पक्ष जांच आवश्यक है और सभी दोषियों का चेहरा सामने आना चाहिए।”


SP दुर्ग को सौंपे प्रतिवेदन में CBI जांच की अनुशंसा भेजने की मांग

नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा ने पुलिस अधीक्षक दुर्ग को दिए गए प्रतिवेदन में मांग की है कि इस मामले में राज्य शासन एवं सक्षम प्राधिकारियों को CBI जांच की अनुशंसा भेजी जाए, ताकि स्वतंत्र और उच्चस्तरीय जांच के माध्यम से पूरे मामले की वास्तविकता सामने लाई जा सके।

विशेष टिप्पणी

भिलाई जैसे रणनीतिक औद्योगिक प्रतिष्ठान से जुड़ा कोई भी मामला केवल स्थानीय नहीं माना जाता। यदि जांच में बड़े स्तर की लापरवाही, सुरक्षा चूक अथवा संगठित आर्थिक अपराध के संकेत सामने आते हैं, तो उसका प्रभाव सार्वजनिक उपक्रमों की विश्वसनीयता और राष्ट्रीय संपत्ति की सुरक्षा व्यवस्था पर भी पड़ सकता है।

अब निगाहें इस बात पर होंगी कि जांच एजेंसियाँ आगे किन तथ्यों तक पहुँचती हैं और क्या इस मामले का दायरा और विस्तृत होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *