दुर्ग। भारतीय जनता पार्टी ने संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर पूरे देश में ‘समरसता संकल्प अभियान’ चलाने की घोषणा की है। यह अभियान 29 जुलाई (गुरु पूर्णिमा) से प्रारंभ होकर 20 फरवरी 2027 (माघ पूर्णिमा) तक चलेगा। अभियान के तहत मंदिरों, गांवों, धार्मिक स्थलों, छात्रावासों और सामाजिक संस्थानों में सात महीने तक विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
दुर्ग के चौहान इंपिरियल में आयोजित प्रेसवार्ता में भाजपा नेताओं ने बताया कि अभियान का उद्देश्य संत गुरु रविदास महाराज के समता, सामाजिक न्याय, मानवता, सेवा, सद्भाव और सामाजिक समरसता के विचारों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसके साथ ही ‘विकसित भारत’ के निर्माण में समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित करने का भी संकल्प लिया गया है।
बेगमपुरा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प
प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष एवं दुर्ग संभाग प्रभारी जगन्नाथ पाणिग्रही ने कहा कि संत गुरु रविदास महाराज केवल एक समाज के नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के महान संत, समाज सुधारक और आध्यात्मिक चिंतक थे। उनका ‘बेगमपुरा’ का दर्शन आज भी ऐसे समाज की प्रेरणा देता है, जहां किसी भी प्रकार का भेदभाव, अन्याय और शोषण न हो तथा प्रत्येक व्यक्ति सम्मानपूर्वक जीवन जी सके।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान जूनागढ़, सागर, चित्तौड़गढ़, खुरालगढ़ साहिब और दिल्ली स्थित गुरु रविदास मंदिर सहित उनसे जुड़े प्रमुख स्थलों के विकास का भी संकल्प लिया गया है। अभियान को सफल बनाने के लिए प्रदेश, जिला, मंडल और ग्राम स्तर पर अलग-अलग समितियों एवं टोलियों का गठन किया जा रहा है।
7 महीनों तक ऐसे चलेगा अभियान
◼️29 जुलाई (गुरु पूर्णिमा): देशभर के 51 हजार से अधिक मंदिरों में ‘समरसता दीप महोत्सव’ का आयोजन होगा। दीप प्रज्ज्वलन, भजन-कीर्तन, धार्मिक प्रवचन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रसाद वितरण किए जाएंगे। वाराणसी के घाटों पर 11 हजार दीप जलाए जाएंगे ।
◼️29 जुलाई से 10 सितंबर: कलश वंदन अभियान के तहत वाराणसी के सीर गोवर्धनपुर से पवित्र मिट्टी के 131 कलश विभिन्न राज्यों को भेजे जाएंगे। इसके बाद 21 हजार कलशों के माध्यम से यह मिट्टी देशभर के मंदिरों और धार्मिक स्थलों तक पहुंचाई जाएगी।
◼️29 जुलाई से 31 अगस्त: संत संपर्क अभियान के अंतर्गत भाजपा पदाधिकारी गुरु रविदास परंपरा सहित विभिन्न धार्मिक परंपराओं के संतों से मुलाकात कर उनका सम्मान करेंगे।
◼️5 अक्टूबर से 5 नवंबर: समरसता यात्रा पंजाब के डेरा सचखंड बल्लां (जालंधर) से शुरू होकर गुरु रविदास की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर (वाराणसी) तक निकाली जाएगी। यात्रा के दौरान संत सम्मेलन, समरसता गोष्ठियां, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
◼️26 नवंबर से 15 जनवरी: छात्रावास संपर्क अभियान के तहत देशभर के छात्रावासों में गुरु रविदास के जीवन, सामाजिक न्याय, समरसता और विकसित भारत विषय पर संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
प्रमुख नेता रहे मौजूद
प्रेसवार्ता में विधायक ललित चंद्राकर, ईश्वर साहू, ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अशोक साहू, पूर्व मंत्री रमशीला साहू, भाजपा जिला महामंत्री दिलीप साहू, विनोद अरोरा, महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री शीतल नायक, जिला मंत्री शैलेंद्र शेंडे, सांस्कृतिक प्रकोष्ठ जिला संयोजक अबीर गोयल सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
