BJP OBC मोर्चा का प्रबुद्ध जन सम्मान और कार्यकर्ता सम्मेलन 🔶 वरिष्ठ नेता कन्हैया सोनी का बड़ा बयान

BJP OBC मोर्चा का प्रबुद्ध जन सम्मान और कार्यकर्ता सम्मेलन 🔶 वरिष्ठ नेता कन्हैया सोनी का बड़ा बयान

दुर्ग। भारतीय जनता पार्टी ओबीसी मोर्चा द्वारा दुर्ग संभाग स्तरीय प्रबुद्ध जन सम्मान एवं कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन दुर्ग बायपास रोड स्थित चौहान इंपीरियल में किया गया। सम्मेलन में संगठन विस्तार, विकसित भारत-2047 के संकल्प, ओबीसी समाज की भूमिका तथा आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया गया। कार्यक्रम में प्रबुद्धजनों का शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान भी किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय रहे। अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने की। विशिष्ट अतिथियों में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, कैबिनेट मंत्री ओपी चौधरी, गजेंद्र यादव, भाजपा संभाग प्रभारी एवं प्रदेश उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्रही, विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा, ललित चंद्राकर, रिकेश सेन, ईश्वर साहू, दीपेश साहू, भाजपा ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चंदूलाल साहू, प्रदेश अध्यक्ष अशोक साहू, खादी ग्रामोद्योग बोर्ड अध्यक्ष राकेश पांडेय, भाजपा जिला संगठन प्रभारी रामजी भारती, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडेय, पूर्व कैबिनेट मंत्री रमशिला साहू, महापौर अलका बाघमार, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य चंद्रिका चंद्राकर, कोमल जंघेल, तेलघानी बोर्ड अध्यक्ष जितेंद्र साहू, साहू समाज के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र साहू, कलार समाज के प्रदेश अध्यक्ष युवराज सिन्हा, ओबीसी मोर्चा प्रदेश महामंत्री उपकार चंद्राकर, प्रदेश उपाध्यक्ष तुलसी साहू, प्रदेश कोषाध्यक्ष कन्हैया सोनी, पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिला अध्यक्ष दिनेश देवांगन एवं तेखन सिन्हा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

सम्मेलन में दुर्ग संभाग के अंतर्गत आने वाले विभिन्न जिलों से पहुंचे ओबीसी मोर्चा के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं प्रबुद्धजनों से विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को साकार करने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया। वक्ताओं ने संगठन की मजबूती, समाज के बीच सतत संपर्क और केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर विशेष बल दिया।

भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं ओबीसी मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य कन्हैया सोनी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा ओबीसी समाज के सम्मान, अधिकार और सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा ही वह दल है जिसने ओबीसी समाज से आने वाले व्यक्ति को देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंचाने का गौरव प्राप्त किया। साथ ही पिछड़ा वर्ग आयोग को मजबूत करने की दिशा में भी ऐतिहासिक कार्य किए।

उन्होंने कहा, “आज देशभर में ओबीसी समाज के लाखों कार्यकर्ता भारतीय जनता पार्टी से जुड़े हैं और पार्टी भी समाज के हितों एवं विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। इस प्रकार के सम्मेलन संगठन और समाज के बीच विश्वास को और मजबूत करते हैं तथा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करते हैं।”


नेताओं के प्रमुख वक्तव्य

भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने कहा, “हम सभी को यह सदैव स्मरण रखना चाहिए कि हम भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता हैं। ओबीसी मोर्चा संगठन विस्तार की महत्वपूर्ण कड़ी है और प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र निर्माण के संकल्प से जुड़ा हुआ है। विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को जन-जन तक पहुंचाने के लिए समाज के बीच सक्रिय रहना होगा।”

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा, “पिछड़ा वर्ग समाज देश की आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक प्रगति का मजबूत आधार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ओबीसी समाज को सम्मान, अवसर और भागीदारी देने का कार्य निरंतर किया जा रहा है। जन-जन के बीच सरकार की योजनाओं को पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।”

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा, “ओबीसी वर्ग प्रदेश की राजनीतिक दिशा तय करने की क्षमता रखता है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता गांव-गांव और वार्ड-वार्ड तक पहुंचकर सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाए तथा भाजपा के पक्ष में सकारात्मक माहौल बनाने के लिए अभी से सक्रिय हो जाए।”

कैबिनेट मंत्री ओपी चौधरी ने कहा, “विकसित भारत-2047 का लक्ष्य तभी पूरा होगा जब समाज का प्रत्येक वर्ग विकास की मुख्यधारा से जुड़े। ओबीसी समाज शिक्षा, कौशल, उद्यमिता और नवाचार के माध्यम से देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।”

भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक साहू ने कहा, “ओबीसी समाज की एकता, जागरूकता और संगठनात्मक शक्ति ही उसकी सबसे बड़ी पूंजी है। सेवा, संपर्क और समर्पण के माध्यम से समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक भाजपा की विचारधारा और विकास योजनाओं को पहुंचाना मोर्चा की प्राथमिक जिम्मेदारी है।”

कार्यक्रम के समापन अवसर पर पिछड़ा वर्ग से जुड़े प्रबुद्धजनों का शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। सम्मेलन में दुर्ग संभाग के सभी जिलों से बड़ी संख्या में भाजपा ओबीसी मोर्चा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *