युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में उद्यमिता प्रोत्साहन जरूरी : कन्हैया सोनी

युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में उद्यमिता प्रोत्साहन जरूरी : कन्हैया सोनी

भिलाई। छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज द्वारा कोहका स्थित इंदू आईटीआई स्कूल में आयोजित उद्यमिता प्रोत्साहन कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता कन्हैया सोनी प्रमुख रूप से शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को उद्यमिता, स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता के अवसरों से परिचित कराते हुए उन्हें नए व्यवसाय एवं रोजगार सृजन के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश महामंत्री अजय भसीन, इंदू आईटीआई के डायरेक्टर श्री एस.के. उमंग, चेंबर के पदाधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, संस्थान के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

इस अवसर पर कन्हैया सोनी ने कहा कि आज के युवाओं के लिए केवल नौकरी की तलाश तक सीमित रहना आवश्यक नहीं है, बल्कि कौशल, मेहनत और नवाचार के माध्यम से वे स्वयं का व्यवसाय शुरू कर रोजगार देने वाले भी बन सकते हैं। युवाओं में उद्यमिता की भावना विकसित करना आत्मनिर्भर समाज और मजबूत अर्थव्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि युवाओं को समय के साथ बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप नए कौशल सीखने और स्वरोजगार के अवसरों का लाभ उठाने के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने चेंबर द्वारा युवाओं को उद्यमिता के प्रति जागरूक करने के लिए आयोजित इस पहल की सराहना की।

कन्हैया सोनी ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, इंदू आईटीआई प्रबंधन, पदाधिकारियों, शिक्षकों एवं उपस्थित छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रेरणादायी कार्यक्रम युवाओं को अपने भविष्य के लिए नई दिशा चुनने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *