व्यापारी देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़, व्यापार बढ़ेगा तो देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी : विजय बघेल

व्यापारी देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़, व्यापार बढ़ेगा तो देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी : विजय बघेल

45वें राष्ट्रीय व्यापारी दिवस पर नई दिल्ली में व्यापारी सम्मेलन एवं सम्मान समारोह, 30 राज्यों से पहुंचे उद्योगपति और व्यापारी

नई दिल्ली, 9 अगस्त। भारतीय उद्योग व्यापार मंडल द्वारा आयोजित 45वें राष्ट्रीय व्यापारी दिवस के अवसर पर नई दिल्ली स्थित कॉन्स्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया के मावलंकर हॉल, संसद मार्ग में भव्य व्यापारी सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। सम्मेलन में देश के 30 राज्यों से आए उद्योगपतियों एवं व्यापारियों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम में दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने व्यापार एवं उद्योग जगत को संबोधित किया। इस अवसर पर सांसद बघेल को प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में सांसद विजय बघेल एवं केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा उपस्थित रहे। कार्यक्रम में व्यापारी कल्याण बोर्ड के राष्ट्रीय चेयरमैन सुनील संघवी, भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबूलाल गुप्ता सहित संगठन के पदाधिकारी एवं देशभर से आए व्यापारी मौजूद रहे।

‘व्यापारी और उद्योगपति आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत कर रहे’

सांसद विजय बघेल ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास की नई ऊंचाइयों की ओर लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि देश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति जनता के विश्वास को मजबूत करने में उद्योग एवं व्यापार जगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

उन्होंने कहा, “देश के व्यापारी और उद्योगपति आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। व्यापार में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं, लेकिन देश का व्यापारी हर परिस्थिति में आगे बढ़ने और नई संभावनाएं तलाशने का प्रयास करता है।”

सांसद बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। केंद्र सरकार व्यापारियों की समस्याओं के समाधान और व्यापार को सुगम बनाने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि व्यापारियों की मेहनत, उद्यमशीलता और निरंतर प्रयास देश की आर्थिक प्रगति का महत्वपूर्ण आधार हैं।

‘व्यापार बढ़ेगा तो अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी’

भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय वरिष्ठ महामंत्री मुकुंद मिश्रा ने कहा कि संगठन अपने पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद स्व. श्याम बिहारी मिश्रा के नेतृत्व में स्थापित सेवा एवं संगठन की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए देशभर के हजारों व्यापारियों के हित में कार्य कर रहा है।

उन्होंने कहा कि भारतीय उद्योग व्यापार मंडल व्यापारियों और सरकार के बीच सेतु का कार्य करता है तथा व्यापार जगत की समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाने का प्रयास करता है।

मिश्रा ने कहा, “देश का व्यापार बढ़ेगा तो देश की अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज दुनिया की प्रमुख तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। केंद्र सरकार व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास कर रही है।”

छत्तीसगढ़ से बड़ी संख्या में व्यापारी हुए शामिल

राष्ट्रीय व्यापारी दिवस के इस सम्मेलन में छत्तीसगढ़ से भी भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों की बड़ी भागीदारी रही।

सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष अशोक मोदी, प्रदेश चेयरमैन सुधीर बंसल, राजेश बंसल, हेमचंद्र जोशी, हरीश पटवाल, अनिल अग्रवाल, प्रहलाद खंडेलवाल, पवन कुमार, नरेश गोयल, मुकुंद मिश्रा, हेमंत गुप्ता, मोहन गुरुनानी, तारन नाथ त्रिवेदी, मैरो प्रसाद मिश्र, गोपाल दास अग्रवाल, प्यारे लाल सेठ, किशोर भाई खारावाल, राजू अप्सरा, एस. सौंदर्य राजन, ए. राजा, विजय लक्ष्मी, चंद गुप्ता, सतीश अग्रवाल, जितेंद्र शाह, बालकिशन अग्रवाल, नरसिंह अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं उद्योगपति उपस्थित रहे।

व्यापार, उद्योग और आर्थिक विकास पर हुआ मंथन

देशभर से पहुंचे हजारों व्यापारियों में राष्ट्रीय व्यापारी दिवस सम्मेलन को लेकर उत्साह और हर्ष का वातावरण रहा। सम्मेलन में व्यापार एवं उद्योग के विकास, व्यापारियों के समक्ष मौजूद विभिन्न समस्याओं तथा देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में व्यापार जगत की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि व्यापार और उद्योग केवल आर्थिक गतिविधियों का माध्यम नहीं, बल्कि रोजगार, निवेश और देश की आर्थिक मजबूती के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *