भिलाई की बसाहट के नाम पर राजनीतिक नौटंकी बंद करें देवेंद्र यादव : भोजराज सिन्हा

भिलाई की बसाहट के नाम पर राजनीतिक नौटंकी बंद करें देवेंद्र यादव : भोजराज सिन्हा

The CG खबर भिलाई। भिलाई टाउन के लीजधारियों एवं लाइसेंसधारियों के अधिकारों और भविष्य को लेकर कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव द्वारा किए जा रहे प्रदर्शन को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। नगर पालिक निगम भिलाई के नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा ने देवेंद्र यादव के प्रदर्शन पर कड़ा विरोध जताते हुए इसे राजनीतिक दिखावा करार दिया है।

भोजराज सिन्हा ने कहा कि दुर्ग सांसद विजय बघेल एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पाण्डेय पहले ही सार्वजनिक रूप से भिलाई टाउन के लीजधारियों एवं लाइसेंसधारियों को आश्वस्त कर चुके हैं। सांसद विजय बघेल ने मीडिया संवाद के माध्यम से इस मुद्दे पर अपनी स्पष्ट भूमिका जनता के सामने रखी है।

ऐसे में विधायक देवेंद्र यादव द्वारा अचानक BSP प्रबंधन का घेराव करने और “भिलाई की बसाहट को खत्म नहीं होने देंगे” जैसे बयान देने पर भाजपा ने सवाल उठाए हैं।

देवेंद्र यादव से भाजपा के 5 सीधे सवाल

“सत्ता में रहते 5 साल क्या किया? अब BSP घेराव कर जनता को गुमराह करने का प्रयास क्यों?”

भोजराज सिन्हा ने कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव से इस मुद्दे पर पांच सीधे सवाल पूछे हैं—

1. आप लगातार दो बार भिलाई नगर के विधायक रहे हैं। आपके पिछले कार्यकाल के 5 वर्षों में भिलाई टाउन के लीजधारियों एवं लाइसेंसधारियों के लिए आपने कौन-सा ठोस निर्णय कराया?

2. जब प्रदेश में आपकी कांग्रेस सरकार थी, तब BSP प्रबंधन के साथ आपने कितनी संयुक्त बैठकें कीं और उसका परिणाम क्या रहा?

3. कांग्रेस की महापौर परिषद के 15 वर्षों के कार्यकाल में इस विषय को लेकर कितनी बार महापौर परिषद में प्रस्ताव लाया गया?

4. भिलाई नगर निगम की सामान्य सभा में इस विषय पर कांग्रेस ने कौन-सा ठोस प्रस्ताव पारित कराया?

5. तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार के समय आपने विधानसभा में भिलाई टाउन की समस्या को उठाकर भारत सरकार को कोई ठोस प्रस्ताव क्यों नहीं भेजा?

“जब सत्ता आपके पास थी, सरकार आपके साथ थी…”

भोजराज सिन्हा ने कांग्रेस पर सीधा हमला बोलते हुए कहा—

“जब सत्ता आपके पास थी, सरकार आपके साथ थी और विधानसभा में बहुमत आपके पास था, तब भिलाई टाउन की बसाहट के लिए आपकी सरकार ने क्या किया? आज सत्ता से बाहर होने के बाद BSP का घेराव कर किसे जवाब दे रहे हैं—भिलाई की जनता को या अपनी राजनीतिक विफलता को?”

भोजराज सिन्हा ने कहा कि भिलाई की जनता अब केवल भाषण और भावनात्मक बयान नहीं सुनना चाहती। जनता जानना चाहती है कि इस मुद्दे पर किसने, कब और क्या प्रयास किया।

उन्होंने कहा कि भाजपा इस विषय को किसी राजनीतिक स्टंट के रूप में नहीं, बल्कि भिलाई के हजारों परिवारों के भविष्य से जुड़ा गंभीर विषय मानती है।

भोजराज सिन्हा के मुताबिक, दुर्ग सांसद विजय बघेल लगातार इस विषय को गंभीरता से उठा रहे हैं। वहीं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पाण्डेय स्वयं BSP से जुड़े रहे हैं और इसलिए वे इस समस्या की जमीनी वास्तविकता से भली-भांति परिचित हैं।

“मेरी लाश निकल जाएगी…” जैसे बयान समाधान नहीं

विधायक देवेंद्र यादव के भावनात्मक बयान पर भी भोजराज सिन्हा ने तीखी प्रतिक्रिया दी।

उन्होंने कहा कि “मेरी लाश निकल जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं होने दूंगा” जैसे भावनात्मक बयान किसी जनप्रतिनिधि को शोभा नहीं देते। भिलाई की जनता को भावनात्मक राजनीति नहीं, बल्कि संवाद, प्रस्ताव, कानूनी प्रक्रिया और स्थायी समाधान चाहिए।

भोजराज सिन्हा ने कहा—

“देवेंद्र यादव जी, भिलाई की बसाहट को बचाने की चिंता भाजपा को है। यदि कांग्रेस वास्तव में इसे बचाना चाहती है तो पहले अपने 15 वर्षों के नगर निगम शासन और 5 वर्षों की प्रदेश सरकार का हिसाब जनता के सामने रखे।”

भाजपा की स्पष्ट मांग—संवाद और स्थायी समाधान हो

भोजराज सिन्हा ने कहा कि भाजपा भिलाई टाउन के लीजधारियों एवं लाइसेंसधारियों के हितों की रक्षा के लिए हर लोकतांत्रिक और संवैधानिक मंच पर अपनी आवाज बुलंद करेगी।

उन्होंने कहा कि इस संवेदनशील विषय पर BSP प्रबंधन, केंद्र सरकार एवं संबंधित सभी पक्षों के बीच सार्थक संवाद होना चाहिए, ताकि लीजधारियों एवं लाइसेंसधारियों के अधिकारों और भविष्य को लेकर स्थायी समाधान की दिशा में ठोस पहल की जा सके।

भोजराज सिन्हा ने कहा कि भिलाई की जनता को डराने की राजनीति नहीं, बल्कि अधिकार और समाधान की राजनीति चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *